मथुरा। प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक सहायक अध्यापक पिछले ढाई महीने से बिना किसी सूचना के स्कूल से नदारद थे। जब मामले की जांच कराई गई तो पता चला कि वह जिला जेल में बंद हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामला विकास खंड नौहझील के प्राथमिक विद्यालय पचहरा का है। यहां सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र सिंह बीते 27 जून 2026 से विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे थे। लंबे समय तक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर विद्यालय के ही दूसरे सहायक अध्यापक ने इसकी लिखित शिकायत कार्यालय में दर्ज कराई।
बीएसए रतन कीर्ति ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद 8 सितंबर 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें शिक्षक के जेल में बंद होने की आधिकारिक पुष्टि हो गई। बीएसए ने पुष्पेंद्र सिंह को बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने और जेल में निरुद्ध रहने के कारण जेल में रहने की तिथि से निलंबित कर दिया है।