वृंदावन। वृंदावन के प्रेम महाविद्यालय में बोर्ड परीक्षा के दौरान शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित शिक्षक ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गत 19 फरवरी को महाविद्यालय में संस्कृत विषय की बोर्ड परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान परिसर में मौजूद कुछ लोग कथित रूप से तेज आवाज में हंसी-मजाक कर रहे थे, जिससे कक्ष संख्या दो में परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को व्यवधान हो रहा था। आरोप है कि विद्यालय के प्रवक्ता अजय कुमार मौर्य ने शोर कर रहे लोगों से शांत रहने का अनुरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद एक शिक्षक और उनके साथियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की। अजय कुमार मौर्य का कहना है कि पूरी घटना विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने वृंदावन कोतवाली में चार नामजद व्यक्तियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। संवाद