‘वेब पोर्टल पर दर्ज करें हर टीबी रोगी का डाटा’
- फोटो : अमर उजाला
युवाओं तेजी से बढ़ रहे टीबी रोग के मामले में सरकार गंभीर है। स्वास्थ्य महानिदेशक ने सभी सरकारी अस्पताल, जिला क्षय रोग केंद्र, निजी चिकित्सक और पैथोलॉजी संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वो अपने यहां आने वाले टीबी रोगियों का डाटा भारत सरकार के वेब पोर्टल पर दर्ज कराएं। सीएमओ को लिखे पत्र में उन्होंने सहयोग न करने वाले चिकित्सक, नर्सिंग होम का पंजीकरण निरस्त करने के आदेश दिए हैं।
खुद स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बयां कर रहे हैं कि टीबी रोग नई पीढ़ी में तेजी से फैल रहा है। विभाग स्वीकारता है कि वो मात्र 65 प्रतिशत रोगियों तक ही पहुंच पा रहा है। शेष अब भी उसकी पहुंच से बाहर है। यहां बड़ी समस्या समन्वय की भी है। निजी क्षेत्र के चिकित्सक जिला क्षय रोग केंद्र पर रोगियों का डाटा नहीं भेज रहे हैं।
इसी परिप्रेक्ष्य में स्वास्थ्य महानिदेशक सुनील श्रीवास्तव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखे पत्र में सख्त हिदायत दी है कि क्षेत्र के ऐसे निजी चिकित्सक, नर्सिंग होम संचालक, पैथोलॉजी जो टीबी रोगियों का उपचार और जांच कर रही हैं वो भारत सरकार के वेब पोर्टल पर पंजीकरण कराकर शतप्रतिशत डाटा अपडेट कराएं।