मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र में यमुना पुल के निकट शुक्रवार रात को टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी सूचना दे दी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, जमुनापार के शिव नगर कॉलोनी निवासी करन (26) शुक्रवार रात को बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रात नौ बजे यमुना पुलिस के निकट बाइक टैंकर की चपेट में आ गई। हादसे में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने करन को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। वह भी जिला अस्पताल में पहुंच गए।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों सौंप दिया। थाना प्रभारी विदेश कुमार ने बताया है कि वाहन की शिनाख्त के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। शिकायत के मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।