एसडीएम गुलाब चंद्र और तहसीलदार प्रवर्धन शर्मा के निर्देशन में नायब तहसीलदार दुर्गेश यादव और रजिस्ट्रार कानूनगो चंद्रपाल वार्ष्णेय ने छाता और चौमुंहा में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक रैली निकाली। इसमें जीएलए विश्व विद्यालय की एनएसएस इकाई के छात्रों, सर्वोदय कृषि डिग्री कॉलेज चौमुंहा, सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। चौमुंहा में सर्वोदय इंटर कॉलेज से रैली निकाली गई।
जीएलए विश्व विद्यालय के छात्रों का नेतृृत्व नायब तहसीलदार दुर्गेश यादव, सर्वोदय डिग्री कॉलेज के छात्रों का नेतृृत्व कृपाल सिंह राजस्व निरीक्षक, सर्वोदय इंटर कॉलेज की छात्राओं का नेतृृत्व राधेबिहारी उपाध्याय राजस्व निरीक्षक छाता एवं सर्वोदय इंटर कालेज चौमुंहा के छात्रों का नेतृत्व चंद्रपाल वार्ष्णेय रजिस्ट्रार कानूनगो ने किया।
छात्र जोश में नारे लगा रहे थे कि सुनहरे भविष्य के लिए मतदान करो मतदान करो। छात्रों के साथ-साथ सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ भी मौजूद रहे। रैली में शामिल छात्रों पर छाता और चौमुंहा में पुष्प वर्षा की गई और वायदा किया कि 11 फरवरी को मतदान करने अवश्य जाएंगे।
आचार संहिता में बरात घर के निर्माण कार्य का शुभारंभ
छाता कस्बे में पैगांव रोड स्थित लक्ष्य कॉलेज के निकट नगर के दर्जी, बघेल, धनगर, बढ़ई, लुहार जाति के लोगों के आरक्षित श्मसान भूमि पर नगर पंचायत छाता ने अवैध कब्जा कर रखा है। प्रदेश में आचार संहिता लगी होने के बाद भी सरकारी नियम और आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए चोरी छिपे श्मसान की भूमि पर बरात घर का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। इस पर राजवीर सिंह बघेल, विष्णु गुप्ता, महेंद्र सिंह, लालचंद, भगवत, सोनू, नारायन सिंह, बच्चू, बाबू लाल, सुरेश, महेंद्र सिंह, थानेदार आदि ने एसडीएम से कब्जा हटवाने की मांग की है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 को
एसडीएम गुलाब चंद ने कहा है कि 25 जनवरी को छाता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इसमें नए सभी मतदाताओं को बीएलओ द्वारा प्रथम बार राष्ट्रीय नागरिक बनने पर शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में बीएलओ के अतिरिक्त संबंधित बूथ के सभी शिक्षक, प्रधान, आगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, सफाईकर्मी उपस्थित रहेंगे। अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।