मथुरा। एसआईआर अभियान में जिले की अन्य तहसीलों की अपेक्षा सदर तहसील क्षेत्र में सबसे खराब प्रदर्शन हुआ है। अब तक मात्र 40 फीसदी ही गणना प्रपत्र भरे गए हैं, जबकि अंतिम तिथि में चार दिन शेष हैं। अभियान को गति देने के लिए प्रशासन अब विद्यार्थियों से मदद ले रहा है। छात्रों को गणना प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
बीते दिनों जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधकों के साथ बैठक की थी। उन्होंने प्रबंधकों से एसआईआर अभियान को गति देने के लिए विद्यार्थियों की मदद लेने का आह्वान किया था। इसके बाद बार-बारी से कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की गणना प्रपत्र फीडिंग के लिए ड्यूटी लगाई गई है। ये छात्र सदर तहसील के सभागार में बैठकर कार्य कर रहे हैं। इसमें बीएसए कॉलेज के छात्र-छात्राएं शमिल हैं और कुछ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के हैं। विद्यार्थी प्रतिदिन समय से आकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। विद्यार्थियों को प्रति गणना प्रपत्र फीडिंग पर दो रुपये के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।