मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बाद बुधवार को काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने भी दसवीं और बारहवीं कक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के छात्र-छात्राओं में परीक्षा परिणाम जारी होने का इंतजार है। बृहस्पतिवार को चर्चाएं थीं कि दो मई को सीबीएसई परिणाम जारी कर देगा लेकिन बोर्ड की ओर से इस संबंध में कोई सूचना जारी नहीं की गई।
सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई थीं। जिले में परीक्षा के लिए 30 केंद्र बनाए गए थे। कक्षा 10वीं में 12,915 और 12वीं में 10,123 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। कुछ विद्यार्थियों ने परीक्षा से किनारा भी किया। जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा दी उन्हें अब जल्द अपनी मेहनत का फल देखने की ललक है। परीक्षा परिणाम घोषित कब होगा, इसको लेकर विद्यार्थी अपने स्कूल के शिक्षकों के साथ ही इंटरनेट पर सीबीएसई की वेबसाइट देखते रहे।
सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर अनिल यदुवंशी ने बताया कि इसी सप्ताह कुछ उत्तरपुस्तिकाएं भेजी गई हैं। परिणाम कब घोषित होगा, जब तक सीबीएसई की ओर से नोटिफिकेशन जारी नहीं होती इस संबंध में कुछ नहीं कहा जा सकता।