मथुरा। छात्र रालोद के आगरा मंडल अध्यक्ष अनुराग चौधरी ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सरकार से देशभर में शुरू होने वाले कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया के शुरूआती चरण में ही छात्रों को निशुल्क कोरोना वैक्सीन देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की उत्तम शिक्षा देश के सुनहरे भविष्य की बुनियाद है। इसलिए छात्रों को निशुल्क कोरोना वैक्सीन देकर कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में क्लास रूम शिक्षा शुरू की जाए। ताकि इससे छात्रों में कोरोना संक्रमण फैलने का भय भी न रहे।
चौधरी ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते बीते लगभग 10 महीनों से स्कूल, कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में क्लास रूम शिक्षा पूरी तरह से बंद है। गरीब परिवारों से संबंध रखने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण करना आज भी बहुत कठिन साबित हो रहा है। उन्होंने कॉलेज व विश्वविद्यालय की छुट्टी के समय पर पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है जिससे छात्राएं बेखौफ आवागमन कर सकें। इस मौके पर आगाज खान, आशीष पहलवान, दिवस चौधरी, धीरज चौधरी, अभय चौधरी उपस्थित रहे।