कोसीकलां। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय पैगांव से कक्षा नौ का एक छात्र शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। सूचना मिलते ही परिजन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचे और छात्र को अपने साथ ले आए।
जानकारी के अनुसार शेरगढ़ निवासी छात्र कक्षा नौ में अध्ययनरत है और विद्यालय परिसर में बने छात्रावास में ही रहता है। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नियमित उपस्थिति दर्ज कराने के बाद छात्र अचानक लापता हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू की तो पता चला कि छात्र अपने किसी परिचित के यहां होडल पहुंचा और वहां से हजरत निजामु्द्दीन रेलवे स्टेशन पहुंच गया।
यहां उसे अपनी गलती का अहसास हुआ तो उसने परिजन को सूचना दी। इसके बाद परिजन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचे और छात्र को अपने साथ घर ले आए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्र बिना अनुमति विद्यालय परिसर से कैसे निकला। उप प्रधानाचार्य सुधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्र मिल गया है और परिजन के पास सुरक्षित है।