वृंदावन में रुक्मिणी विहार के पास रविवार देर रात फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार पर बेकाबू कार मौत बनकर टूट पड़़ी। भरतपुर के घुमंतू समुदाय के एक ही परिवार के चार सदस्यों को तेज रफ्तार कार के चालक ने रौंद दिया। इसमें किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार को लेकर मथुरा की ओर भाग निकला। पुलिस कार चालक की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक रही है।
रुक्मिणी विहार के गेट नंबर दो के नजदीक फुटपाथ पर मूल रूप से भरतपुर के सलेमपुर खुर्द के रहने वाले गुड़िया (25), उनके पति कजोड़ (30), गुड़िया का मौसेरे भाई रवि (14) और रोहित (10) सो रहे थे। कतार में इन्हीं के अन्य रिश्तेदारों सहित 18 लोग एक कतार में सो रहे थे। रात करीब 11:45 बजे सभी गहरी नींद में थे। इसी दरम्यान सफेद आईटेन कार तेज रफ्तार से वृंदावन की ओर से आई और फुटपाथ पर सो रहे लोगों को कुचलते हुए मोटरसाइकिल को रौंदती हुई मथुरा की ओर भाग निकली।
हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों ने कार सवार का पीछा करने का प्रयास किया मगर चालक तेज रफ्तार में मथुरा की ओर भाग निकला। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने चार घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने रवि को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुड़िया, कजोड़ व रोहित को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया।
अगर बाइक से नहीं टकराती कार तो चली जातीं कई जान
फुटपाथ पर भरतपुर के रहने वाले परिवार करीब एक दशक से वृंदावन में रहकर श्रद्धालुओं को चंदन टीका लगाने, मंजीरे आदि बेचने का काम करते हैं। फुटपाथ पर आरती, चिया, गुड्डी, प्रेम, भोला, बब्बू, विक्रम, नहनी, अजय सहित 14 लोग सो रहे थे। जिन लोगों को कार ने कुचला उनके और 14 लोगों के बीच मोटरसाइकिल खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेजी से आई कार सोते हुए लोगों रौंदते हुए वहां खड़ी बाइक से टकराने के बाद फुटपाथ से उतरकर सड़क पर पहुंच गई। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 14 अन्य लोगों की जान बच गई। आरती ने बताया कि वह कुछ समझ पाती, इससे पहले कार वाला भागता हुआ दिखाई दिया। हमने पीछा भी किया मगर वह भाग निकला।
रविवार को ही मौसी के पास आया था रवि
हादसे में मृत रवि के ताऊ चीया ने बताया कि रवि जयपुर में रह रहा था। वह रविवार की सुबह ही वृंदावन में अपनी मौसी के पास आया था। उन्होंने बताया कि करीब 12 बजे जब सभी गहरी नींद में थे, तभी कार काल बनकर टूट पड़ी। उन्होंने बताया कि यहां कई परिवार मंदिरों के आसपास घंटी, मंजीरे बेचकर, श्रद्धालुओं के चंदन लगाने का कार्य कर गुजर बसर करते हैं।
रुक्मिणी विहार के पास फुटपाथ पर कार चालक ने सोते हुए लोगों पर गाड़ी चढ़ाई थी। कार चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों में वह एक स्थान पर देखा गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। घायलों का उपचार चल रहा है।
-पीतमपाल सिंह, सीओ सदर