मथुरा। कॉरिडोर के खिलाफ गोविंददेव मंदिर में प्रार्थना करने पहुंची महिलाएं।
- फोटो : mathura
वृंदावन। प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और मंदिर न्यास के विरुद्ध चल रहा विरोध लगातार 71वें दिन भी जारी रहा। विरोध जताने के लिए बृहस्पतिवार को ब्रजवासी समाज की महिलाओं व स्थानीय श्रद्धालुओं ने गोविंद देवजी मंदिर एवं सिंहपौर हनुमान मंदिर में दर्शन कर विशेष प्रार्थना की। सभी ने कॉरिडोर और न्यास रूपी दैत्य को वृंदावन से भगाने की कामना की।
महिलाओं ने गोविंद देव जी रक्षा करो, सिंहपौर बाबा रक्षा करो, वृंदावन को संकट हरो जैसे नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन को भावनात्मक रूप दिया। इसके बाद सिंहपौर हनुमान मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा और भजनों का पाठ कर श्रद्धा व विरोध दोनों का मिलाजुला स्वरूप प्रस्तुत किया गया।
सिंहपौर हनुमान मंदिर के महंत सुंदरदास महाराज ने कहा कि सरकार कॉरिडोर के माध्यम से व्यवस्थाएं सुधारने की बात कर रही है, जबकि ब्रजवासियों, गोस्वामियों और स्थानीय निवासियों की भावनाएं बिल्कुल भिन्न हैं। यह कुंज गलियां ठाकुरजी की दिव्य लीलाओं की साक्षी रही हैं, इनका स्वरूप बिगाड़ना अनुचित होगा।
इस मौके पर नीलम गोस्वामी, रेनू गोस्वामी, राखी गोस्वामी, निशा शर्मा, मधु गोस्वामी, नेहा पुरोहित, अदिति गोस्वामी, राधा मिश्रा, मीरा गोस्वामी, पूजा मिश्रा, रश्मि सारस्वत सहित अनेक ब्रजवासी महिलाएं उपस्थित रहीं।