शहर के विश्राम घाट सहित उसके आसपास के सभी घाटों पर नगर निगम ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम यमुना स्नान के लिए बल्लियों से बैरीकेडिंग की है। यमुना में 10 से 15 फीट तक श्रद्धालुओं के स्नान के लिए बल्लियां लगाई गई हैं। इसके बाद यमुना के गहरे पानी की जानकारी श्रद्धालुओं के देने के लिए जगह-जगह सचेतक बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा घाटों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी और 20 गोताखोर लगाए हैं।
महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए यमुना के दोनों ओर 10 अस्थायी चेंजिंग रूम भी बनाए हैं। विश्राम घाट और उससे सटे राजा घाट पर खोया-पाया केंद्र एक दिन पहले ही सक्रिय हो गया है। नगर निगम ने इसके लिए एक कंट्रोल रूम विश्राम घाट तैयार किया गया है। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि यम द्वितीया को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। नगर निगमकर्मियों की शनिवार रात से ही ड्यूटी शुरू हो गई। घाटों पर सफाई, विद्युत प्रकाश के लिए एलईडी लाइट लगाई गई है। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि यम द्वितीया स्नान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सफाई के लिए देर शाम से भी टीमों ने काम करना शुरू कर दिया है। निगरानी के लिए यमुना के घाटों पर कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वह निर्धारित स्थान पर ही स्नान करें।
महापौर ने यम द्वितीया की तैयारियों का लिया जायजा
महापौर विनोद अग्रवाल ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ यमुना के घाटों पर यम द्वितीया की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बंगाली घाट, विश्राम घाट एवं स्वामी घाट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर दिनरात सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, पार्षद धनंजय सिंह, ब्रजेश अहेरिया, हनुमान गुर्जर, अंकुर गुर्जर, रामकृष्ण पाठक, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, राजकुमार लवानियां आदि मौजूद रहे।