अब यदि परीक्षा केंद्र संचालकों ने परीक्षा केंद्र बनवाने में फर्जीवाड़ा किया तो वह निरीक्षण के दौरान आसानी से पकड़ा जाएगा। यूपी बोर्ड ने इसके लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार किया है। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर इस बार दो कंप्यूटर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आयोजित कराए जाने के लिए बोर्ड ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बोर्ड की ओर से तैयार किए गए सॉफ्टवेयर में केंद्र के लिए आवेदन करने वाले प्रत्येक विद्यालय का संपूर्ण डाटा होगा। जैसे विद्यालय में उपलब्ध कमरे, छात्र संख्या, बिजली, पानी की व्यवस्था आदि।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो इंटरनेट से जुड़े कंप्यूटर रखे जाएंगे। समय आने पर कोई भी सेक्टर मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता में शामिल अधिकारी और परीक्षक सॉफ्टवेयर में फीड डाटा को देखकर विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं का आकलन कर सकते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रप्रकाश सिंह सोलंकी ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाओं की शुचिता एवं पवित्रता बनाए रखे जाने के लिए यह प्रयास किए जा रहे हैं।