जिले में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के छात्रों का निर्धारित से अधिक प्रवेश दर्शाने वाले कालेजों को जिले में चिह्नित करते हुए जांच के आदेश शासन ने दिए हैं। जिले में ऐसे कालेजों की संख्या 220 बताई गई है।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के फर्जी एडमिशन के आधार पर स्कालरशिप और शुल्क प्रतिपूर्ति हड़पने का खेल बहुत पुराना है। इस खेल में शामिल कालेज प्रबंधक निर्धारित सीटों से भी ज्यादा एडमिशन दर्शाकर इस घपले को अंजाम देते हैं।
ऐसी निरंतर आने वाली शिकायतों को ध्यान रखते हुए शासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जनपद में 220 कालेजों की जांच के लिए 22 अफसरों को जिम्मेदारी दी गई हैं। इसमें एसडीएम, डिप्टी कलक्टर सहित विभागाध्यक्ष भी हैं। इन अफसरों को एससी, एसटी से जुडे़ 14 बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट देनी है।
स्कालरशिप आवेदन की तिथि बढ़ी
एक बार फिर स्कालरशिप के लिए आनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। अब छात्र 26 अक्तूबर तक आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अब तक जिले में करीब 42 हजार आवेदन हो चुके हैं। यह जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद शंकर तिवारी ने दी।