वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर को वातानुकूलित करने की योजना एएसआई की अनुमति नहीं मिलने से अधर में लटकी हुई है। मंदिर को वातानुकूलित करने के लिए सामान आ गया है और मंदिर के हाॅल में रखा है। अनुमति मिलने पर मंदिर में एसी लगाने का काम किया जाएगा। वहीं गर्मी से श्रद्धालुओं को निजात दिलाने के लिए फिलहाल मंदिर में कूलर लगाए गए हैं।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन हाईपावर्ड कमेटी की बैठक में मंदिर को वातानुकूलित करने का निर्णय लिया था, जिसके बाद मंदिर प्रशासन ने एसी लगाने से संबंधित कवायद शुरू कर दीं। पहले तो आईआईटी रुड़की से रिपोर्ट मिलने में देरी हो गईं। वहां से रिपोर्ट मिलने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से अनुमति मांगी गई है, लेकिन वहां से अभी अनुमति नहीं मिल पाई है।
हाईपावर्ड कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी का कहना है कि मंदिर में एसी लगाए जाने की अनुमति के लिए एएसआई को पत्र भेजा गया लेकिन विभाग ने अनुमति नहीं दी है। विभाग का कहना है कि एसी अगर गिर गए तो किसकी जिम्मेदारी रहेगी। जबकि आईआईटी रुड़की की टीम ने सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की थी कि एसी को कैसे लगाया जाए। अगली बैठक में इस मुद्दे को रखा जाएगा।