मथुरा जिले में बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने सोमवार रात को एक प्राइवेट बस को हाईजैक कर लिया। इसके बाद चलती बस में हथियारों के बल सवारियों से लूटपाट की। वारदात को अंजाम देकर बदमाश बस रुकवाकर आसानी से फरार हो गए।
लूट की यह वारदात थाना सुरीर क्षेत्र में हुई। दिल्ली से हमीरपुर जा रही प्राइवेट बस में छह बदमाश सवारी बनकर चढ़े थे। जब यह सब यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 88 के पास पहुंची तो बदमाशों ने हथियारों के दम पर बस को हाईजैक कर लिया। बदमाशों ने सवारियों से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूटे।
शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे डरी-सहमी चुपचाप बैठी रहीं। आधा किलोमीटर तक चलती बस में बदमाशों ने लूटपाट की। इसके बाद बस से उतरकर फरार हो गए। इसके बाद बस चालक ने पुलिस को सूचना दी। वारदात रात तकरीबन एक बजे की बताई गई है।