वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में गेट पांच से प्रवेश के लिए अब सेवायत एवं वीआईपी को दो गेटों से होकर गुजरना होगा। भीड़ के बीच बिना पहचान के वीआईपी गेट से प्रवेश करने वाले अब नहीं घुस सकेंगे। इसके लिए श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड कमेटी मंदिर के गेट पांच से पहले एक और गेट लगाने जा रही है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में वीआईपी गेट पांच से प्रवेश करने वालों की बढ़ती संख्या और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कवायद की जा रही है। यहां से पुलिस सत्यापन के बाद ही मंदिर में प्रवेश करने देगी। इसके लिए गेट पांच से पहले गली के मुहाने पर शिवालय के सामने एक स्टील का गेट लगाए जाने की तैयारी की जा रही है। गेट संख्या चार के सामने गली में लगे गेट की तर्ज पर गेट का निर्माण मेरठ में रेलिंग बनाने वाली एजेंसी द्वारा बनाया जा रहा है। यह नया गेट सात दिन के अंदर लग जाएगा।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य एवं दिनेश गोस्वामी ने बताया के मंदिर के गेट पांच से वीआईपी एवं मंदिर के सेवायतों को प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा सेवायतों के यजमानों को भी प्रवेश मिल रहा है। पुलिस उनके नाम, मोबाइल नंबर एवं आधार नंबर दर्ज करने के बाद मंदिर में वीआईपी गेट से प्रवेश दे रही है। गेट पांच से पहले गली के मुहाने पर भीड़ न हो, अनावश्यक एवं गैर पहचान के लोग भीड़ का फायदा उठाकर प्रवेश न कर सकें, इसके लिए एक स्टील का गेट लगाया जाएगा। इस गेट से गुजरने के बाद ही गेट पांच से एंट्री संभव होगी।