श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भीड़ के चलते अगर आप जन्मस्थान पर आयोजित उत्सव में शामिल होने से वंचित रह जाते हैं तो परिसर में स्क्रीन पर भी सजीव देखकर जन्मोत्सव के अद्भुत आनंद को प्राप्त कर सकते हैं। सेवा संस्थान ने मंदिर परिसर और उसके बाहर स्क्रीन लगाने सहित यात्रियों के लिए कई सुविधाओं के इंतजाम किए है।
संस्थान के प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि देश-विदेश से पधारने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जन्मस्थान के सभी संपर्क मार्गों पर जूताघर और सामान घर की व्यवस्था की है। जो श्रृद्धालु मंदिर में भीड़-भाड़ के कारण प्रवेश नहीं कर सकेंगे, उनके लिए सीसीटीवी स्क्रीन पर जन्मोत्सव के दर्शन उपलब्ध होंगे। जन्मस्थान के निकट खुले स्थानों पर तिरपाल आदि की व्यवस्था की गई है, जहां दूर से आने वाले श्रद्धालु विश्राम कर सकें।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जन्मस्थान परिसर में प्रवेश करते समय मोबाइल फोन, कैमरा, रिमोट की रिंग, थैला, माचिस, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू ,चाकू, ब्लेड आदि सामान अपने साथ न ले जाएं।
संस्थान ने गणेश गेस्ट हाउस के सामने, संगीत सिनेमा के बाहर, रूपम सिनेमा पार्किंग में, गर्तेश्वर, गर्तेश्वर महाविद्यसा संपर्क मार्ग पर पतंजलि स्टोर से आगे सामान घर, जूता घर बनाए हैं। यहां प्राथमिक चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए सीएमओ की ओर से व्यवस्था भी की गई है।