मथुरा। बांकेबिहारी मंदिर में प्रभु दर्शन को उमड़े भक्त।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। अयोध्या फैसले के बावजूद भक्तों की भक्ति में कहीं कोई कमी नहीं आई। शनिवार को घड़ी की सूई के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ने लगी। मंदिरों में दर्शन को आए श्रद्धालु कहीं राधे-राधे बोल रहे थे तो कहीं गिरिराज धरण की जय जयकार। प्रमुख मंदिरों में दर्शनों का सिलसिला हर रोज की तरह लगातार चलता रहा।
शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सुबह करीब दस बजे सुरक्षा का ताना देखकर करीब एक घंटे तक श्रद्धालुओं के कदम ठिठकते नजर आए। लेकिन समय के साथ संख्या बढ़ने लगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर तो दोपहर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। लोग राधाकृष्ण की जयजयकार करते हुए दर्शनों के लिए आगे बढ़ते रहे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि फैसले के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा सुबह से ही लगातार दर्शन किए जाते रहे। द्वारिकाधीश मंदिर के सेवायत मुखिया ब्रजेश कुमार दीक्षित ने बताया कि शनिवार को ठाकुर जी के दर्शन करने वालों की हर रोज से भी अधिक संख्या रही। गोवर्धनदान घाटी मंदिर के सेवायत दिनेश चंद्र शर्मा उर्फ बाबा ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में इस दौरान कोई कमी नहीं रही।
वहीं श्री जी मदिर बरसाना के सेवायत रासबिहारी गोस्वामी ने बताया कि मंदिर आम दिन की तरह ही खुला और श्रद्धालु भी हर रोज की तरह ही मंदिर में आए। श्री दाऊजी महाराज बलदेव मंदिर के सेवायत महादेव पांडे ने बताया कि फैसला आने से पहले तथा बाद में दोनों समय में दर्शन प्रतिदिन की भांति होते रहे।