मथुरा। कॉरिडोर को लेकर पैदल मार्च करते लोग।
- फोटो : mathura
वृंदावन। प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और इसके लिए गठित न्यास के खिलाफ शुक्रवार को वृंदावन में स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। गोस्वामी समाज के नेतृत्व में पदयात्रा बांकेबिहारी मंदिर से शुरू होकर गोपेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंची। इस दौरान शिव तांडव का पाठ भी किया गया।
प्रदर्शन में हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर परियोजना के विरोध में नारे लगाए। विरोध का मुख्य उद्देश्य कॉरिडोर योजना को रद्द करने और न्यास के गठन पर रोक लगाने की मांग करना था। प्रदर्शनकारियों ने गोपेश्वर महादेव के समक्ष खड़े होकर प्रार्थना की कि वे इस कॉरिडोर योजना का अंत करें। महादेव मंदिर में शिव तांडव का पाठ किया। महिलाओं ने विशेष रूप से नारीवादी दृष्टिकोण से आवाज उठाई और धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण की बात कही।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि इस परियोजना से न केवल मंदिर की पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि आसपास के सैकड़ों परिवारों की आजीविका भी छिन जाएगी। छोटे दुकानदारों, पुरोहितों और स्थानीय व्यवसायियों को इस परियोजना से विस्थापन और रोजगार के नुकसान का डर सता रहा है। इस दौरान नीलम गोस्वामी, सुमन गोस्वामी, अनुराधा गोस्वामी, मनीषा गोस्वामी, रमा गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी, सोमनाथ गोस्वामी, देव गोस्वामी, आदित्य गोस्वामी, दीपक पाराशर, सुमित मिश्र, छोटू ठाकुर आदि मौजूद रहे।