मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए विवाद में पड़ोसी पर सात वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट करने और उसका पैर पकड़कर सड़क पर पटकने का आरोप लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति बच्चे को पैर से पकड़कर खींचता और जमीन पर पटकता दिखाई दे रहा है। मारपीट में बच्चे के सिर में चोटें आई हैं। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
चैन थोक मोहल्ला निवासी गुड्डा का सात वर्षीय बेटा नीरज मंगलवार शाम घर के बाहर पड़ोसी राजू के बेटे के साथ खेल रहा था। खेल के दौरान दोनों बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद राजू के घर के बाहर पटाखा चलाया गया। इससे गुड्डा नाराज हो गया और वहां हंगामा होने लगा। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
इसके बाद विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। आरोप है कि पड़ोसी ने नीरज के साथ मारपीट की और उसे पैर पकड़कर सड़क पर पटक दिया। घटना के बाद बच्चा घायल होकर जमीन पर पड़ा रहा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो में बच्चे के साथ मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। परिजनों का आरोप है कि मामूली बच्चों के विवाद को लेकर मासूम के साथ इस तरह की मारपीट की गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।