वृंदावन। नगर निगम के वार्ड 70 स्थित कई क्षेत्रों में एक दशक बाद सात गलियों का निर्माण किया जाएगा। लाखों की लागत से गलियों के निर्माण के साथ ही नाली की मरम्मत की जाएगी। गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ स्थानीय लोगों के साथ पार्षद द्वारा किया गया।
नगर निगम के वार्ड 70 में गोविंद बाग की पांच गली, अठखंबा क्षेत्र स्थित चंद्रावली माता गली, भट्ट गली का 44 लाख की लागत से सीसी निर्माण किया जाएगा। गलियों के साथ ही नालियों की मरम्मत की जाएगी। इन गलियों का निर्माण दस साल के बाद किया जा रहा है। पिछले दस वर्षों में गलियां में लगी टाइल्स उखड़ गई और नालियां टूट गई हैं। इससे राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर निगम द्वारा सात गलियों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
स्थानीय पार्षद वैभव अग्रवाल ने बताया कि वार्ड में विभिन्न स्थानों पर गलियों का सीसी निर्माण प्रारंभ होने जा रहा है। निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर कृष्णगोपाल भट्टाचार्य, विष्णुकांत शर्मा, नारायणदास अग्रवाल, लक्ष्मीनारायण दीक्षित, जयबिहारी गौतम, बब्बी अग्रवाल, धर्मनाथ शास्त्री, मोहन अग्रवाल, भुवनेश, गोविंद खंडेलवाल, गौरांग, गोपाल शर्मा उपस्थित रहे।