नौहझील। यमुना एक्सप्रेस-वे के बाजना कट स्थित टोल प्लाजा पर शनिवार को हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसके बाद पुलिस ने दो युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर चालान किया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम निवासी जयंत की गाड़ी में फास्टैग की समस्या के कारण टोल पर निकलने में देरी हो रही थी। इसी दौरान पीछे लाइन में लगे नौहझील के मोहन सिंह ने लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। इससे तिलमिलाए जयंत और मोहन के बीच टोल पर ही बहस शुरू हो गई, जिसे टोलकर्मियों ने शांत करा दिया। हालांकि, विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। टोल से कुछ दूरी पर दोनों पक्षों ने अपनी गाड़ियां रोक लीं और फिर से एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से दर्जनों युवक जुट गए और जमकर मारपीट होने लगी।
यह पूरी घटना पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर अंजाम दी गई। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना बाजना कट पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को अपनी ओर आता देख मारपीट कर रहे युवक मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से झगड़ा कर रहे मुख्य आरोपी मोहन और जयंत को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है।