बहु प्रतीक्षित गोवर्धन तहसील का सोमवार को अस्तित्व में आने का कार्यक्रम एक बार फिर टल गया है। पहले तहसील का शुभारंभ शनिवार को होना था, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के आने के कारण कार्यक्रम टल गया था। तय किया गया कि सोमवार को तहसील अमल में आ जाएगी। लेकिन एक बार फिर कार्यक्रम टाल दिया गया है।
अब तहसील के अस्तित्व में आने के कार्यक्रम को प्रशासन भव्यता प्रदान करने की सोच रहा है। यह भी संभावना तलाशी जा रही है कि इसमें सरकार से किसी का प्रतिनिधित्व हो। या फिर सत्ताधारी दल के किसी बड़े नेता की सहभागिता हो। अब इस संभावना को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम टाल दिया गया है।
नई तिथि भी घोषित नहीं की गई है, लेकिन संभावना है कि दो सितंबर को तहसील का शुभारंभ हो सकता है। गोवर्धन तहसील कार्यालय के लिए कस्बे के डीग अड्डा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को युद्धस्तर पर सजाने-संवारने का कार्य रविवार शाम तक जारी था। उत्सुकतावश स्थानीय लोगों का दिन भर आवागमन लगा रहा। यह सभी व्यवस्थाएं एसडीएम विश्वभूषण के निर्देशन में जारी रहीं।