पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मभूमि स्मारक समिति 21 फरवरी से दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित करने जा रही है। इसमें पंडित दीनदयाल के बहुआयामी व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर वक्ता अपने विचार रखेंगे।
स्मारक समिति के मंत्री डा. रोशन लाल ने बताया कि यह वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म शताब्दी वर्ष है। फरह के निकट गांव नगला चंद्रभान में उनका जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ था।
इस वर्ष में देशवासियों को पंडित उपाध्याय के जीवन चरित्र से अवगत कराने के लिए विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं। दो दिवसीय गोष्ठी 21 फरवरी से है।
समिति के उपाध्यक्ष बांकेबिहारी माहेश्वरी ने बताया कि 21 फरवरी को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा रहेंगे। इसकी अध्यक्षता जीएलए विवि के कुलपति डा. दुर्ग सिंह चौहान करेंगे।
22 फरवरी को सुबह 11:30 बजे मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री शिवप्रकाश होंगे। अध्यक्षता आगरा सहित विभिन्न विवि के कुलपति रहे डा. गिरीश चंद्र सक्सेना करेंगे। इस दौरान समिति के निदेशक डा. पदम सिंह, सुभाष गुप्ता, अशोक टैंटीवाल, डा. राकेशचंद्र चतुर्वेदी, मुकेश गोस्वामी मौजूद रहे।