चौमुहां। मथुरा के चौमुहां विकास खंड कार्यालय पर सोमवार को पंचायत सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के सरकारी आदेश का कड़ा विरोध किया। विरोध स्वरूप सभी कर्मचारियों ने अपने डिजिटल हस्ताक्षर वाले डोंगल सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) नवेश कुमार सुमन को सौंप दिए हैं।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए ग्राम पंचायत सचिव वीरेश शर्मा ने बताया कि यह नई व्यवस्था उनके कार्य की प्रकृति के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिवों का कार्य पूरी तरह से फील्ड आधारित होता है और एक सचिव के पास 4 से 9 ग्राम पंचायतों तक का प्रभार होता है। इतने विस्तृत भौगोलिक क्षेत्र और बहुउद्देशीय कार्य प्रकृति के कारण किसी एक निश्चित स्थान और समय पर ऑनलाइन हाजिरी लगाना अव्यवहारिक है।
ग्राम विकास अधिकारी योगेश शर्मा ने मांग की है कि ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति की समान व्यवस्था होनी चाहिए। ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि आदेश जल्द वापस नहीं लिया गया, तो उनका संगठन प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन करेगा। ग्राम विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद ने सरकार के रवैये को तानाशाही पूर्ण बताते हुए कहा कि जब तक ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
एडीओ पंचायत नवेश कुमार सुमन ने बताया कि सचिवों ने डोंगल उनके पास जमा कराए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वह तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे और समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।