मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से छह माह का बच्चा चोरी
- फोटो : संवाद
मथुरा रेलवे जंक्शन से चोरी हुए दो बच्चों की तलाश के लिए टीम दूसरे शहरों में पकड़े गए बच्चा चोरों से पूछताछ के लिए जाएगी। यह टीम दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान में भी बच्चों के बारे में जानकारी पता करेगी।
जंक्शन के मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया की सीढ़ियों के पास से 7 जनवरी 2023 की रात को ढाई वर्ष की गौरा नामक बच्ची तब चोरी हो गई जब उसकी मां फूलवती निवासी 10 नंबर ठोकर धोबीघाट विरारी थाना कोतवाली जिला हरिद्वार उत्तराखंड अपने अन्य परिजन के साथ पंजाब जाने के लिए जंक्शन आई थीं।
फूलवती अपनी ढाई वर्षीय बच्ची गौरा के साथ सीढ़ियों के पास बैठी थीं। इसी दौरान उनकी बेटी को कोई व्यक्ति चोरी कर ले गया। बेटी के चोरी हो जाने की रिपोर्ट जीआरपी थाने में दर्ज कराई। वहीं जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 8 और 9 से 14 अक्तूबर 2024 की सुबह 8 माह के शिवा उर्फ लोकेंद्र को एक युवक उसकी मां सुनीता उर्फ भूरी पत्नी धर्मेन्द्र यादव उर्फ परवाना निवासी ग्राम सिकन्दरपुर कटछली के पास थाना कैला देवी जिला संभल से बच्चे को दूध पिलाने की बात कहकर ले गया था।
इसके बाद युवक बच्चे को लेकर वापस नहीं आया। जीआरपी थाने की महिला क्राइम इंस्पेक्टर प्रीता रानी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक यादराम सिंह ने बताया कि टीम दूसरे शहरों में बच्चा चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ करने जाएगी।