मथुरा के कोसीकलां में आगरा दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन पुलिस चौकी के समीप होडल के एक स्कूल की बस स्कूटी को बचाने के चक्कर में ट्रक में घुस गई। इस घटना में बस में सवार तीन छात्र-छात्राओं सहित 6 लोग घायल हो गए। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायलों को बस से निकालकर उपचार के लिए भिजवाया।
हरियाणा के गांव बंचारी स्थित केसीएम पब्लिक स्कूल की बस शनिवार को छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को लेकर कोसीकलां आ रही थी। बस में करीब 15 छात्र-छात्राएं एवं चार शिक्षक सवार थे। बस को सुपाना निवासी जगत सिंह चला रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे बस जैसे ही राजमार्ग पर कोटवन पुलिस चौकी के समीप पहुंची, तभी एक स्कूटी को बचाने के चक्कर अनियंत्रित हो गई और ट्रक से टकरा गई।
इस हादसे में बस में सवार कक्षा दसवीं की छात्रा नेहल जैन, कक्षा नौ की छात्रा करिश्मा चौधरी एवं इसी क्लास के छात्र लखन और नंदगांव निवासी शिक्षक मनोहर चौधरी, मथुरा निवासी वसीम कुरैशी, स्कूटी सवार कोटवन निवासी मयंक घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। जबकि गंभीर रूप से घायल चालक जगत सिंह, वसीम कुरैशी को फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया।
http://