चंद्रशेखर गौड़ मथुरा। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद के बाद अब उप्र माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने भी अपनी बोर्ड परीक्षाएं कराने की तैयारियों शुरू कर दी हैं। इस बार संस्कृत बोर्ड की कॉपियों में भी विशेष कोड रहेगा। साथ ही परिषद का लोगो छापने की भी तैयारियां हो रही है।
हाल ही में यूपी बोर्ड ने अपनी बोर्ड परीक्षाओं की समय सारिणी जारी की थी। इसके साथ ही अब संस्कृत बोर्ड ने भी बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए कमर कस ली है। इस बार 10 जनवरी से 24 जनवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। वहीं फरवरी माह में बोर्ड परीक्षाएं संपन्न कराने की तैयारियां चल रही हैं।
बोर्ड परीक्षा समिति द्वारा इस बार परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 24 पेज की उत्तरपुस्तिकाओं में विशेष कोड छापा जाएगा। इसके साथ ही प्रथम व अंतिम पेज पर भी परिषद का लोगो छपवाए जाने पर भी सहमति बनी है। जिले में 9 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक संस्कृत विद्यालय संचालित हैं।
मथुरा से मध्यमा एवं उत्तर मध्यमा की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 2000 से अधिक विद्यार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। प्रधानाचार्य नितिन शर्मा ने बताया कि पहले बोर्ड की कॉपियों पर विशेष क्रमांक और परिषद का लोगो नहीं रहता था। इस बार परीक्षा को सकुशल और शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए संस्कृत बोर्ड नया प्रयास कर रहा है। संवाद
गत वर्ष बनाए गए थे 5 परीक्षा केंद्र
गत शैक्षणिक सत्र 2022-23 में संस्कृत बोर्ड की परीक्षाओं के लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें मध्यमा और उत्तर मध्यमा की परीक्षाओं में लगभग 2044 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे। इस बार फिलहाल परीक्षा केंद्र निर्धारण नहीं हुआ है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।