कोसीकलां (मथुरा)। गांव जाव के समीप बने एक आश्रम में संदिग्ध परिस्थिति में साधु का शव पलंग पर लहूलुहान हालत में मिला है।
उसके सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या किए जाने का अनुमान है। मौके पर पुलिस ने खून से सनी हुई ईंट को बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएसपी शैलेष पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जाएजा लिया। गांव जाव के समीप प्रहलाद अखाड़े के पास बने सतगुरु सिद्ध आश्रम में साधु हरिदास (60 वर्ष) निवासी मस्जिद मोठ, दिल्ली करीब 20 वर्ष से रह रहे थे। मंगलवार की सुबह जब लोग उधर से गुजरे तो आश्रम में साधु हरिदास का खून से लथपथ शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने जांच के बाद बताया कि साधु की हत्या की गई है। उसके सिर में चोट के निशान है। वहां पर ईंट के टुकडे भी मिले हैं। माना जा रहा है कि हत्यारोपियों ने सोते समय साधु पर हमला कर हत्या की होगी। घटना की जानकारी होते ही आसपास के गांवों के लोेग भी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी शैलेष पांडेय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिंक टीम पहुंच गई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि साधु की हत्या की गई है। परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद