वृंदावन के केशव धाम में अन्नकूट प्रसादम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान परिसर के सभागार में उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए समाज में एकता, समरसता और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
समाज को तोड़ने वाली ताकतों से रहें सावधान
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि केशव धाम से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं अपने जीवन में सार्थक भूमिका निभाएं। उन्होंने आज के समय में सामाजिक समरसता की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में समाज को तोड़ने वाली और आपसी नफरत की भावना को बढ़ाने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। समाज को इस प्रकार के विखंडन से बचाने के लिए एक सकारात्मक एवं संगठित शक्ति का होना अनिवार्य है। उन्होंने अंत में कहा कि भारत का यह दायित्व है कि वह ऐसा अनुकरणीय जीवन जीकर पूरे विश्व के सामने एक मिसाल पेश करे, जिससे संपूर्ण मानवता मार्गदर्शन प्राप्त कर सके। तभी भारत विश्व गुरु कहाएगा। देश को कोई वैश्विक संगठन विश्व गुरु की उपाधि नहीं देगा। देशवासियों के आचरण और व्यवहार से वह विश्वगुरु कहा जाएगा।
मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
समारोह के मुख्य आकर्षणों में केशव धाम में अध्ययनरत प्रतिभावान और मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए इन विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ।
गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा
सभागार के मुख्य कार्यक्रम के उपरांत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने केशव धाम परिसर में ही गोबर से निर्मित गोवर्धन महाराज (गिरिराज जी) की प्रतिमा की विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
यह रहे उपस्थित
राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, जीएलए के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, रामकिशन अग्रवाल, राजीव खुराना, कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया, अंतर्राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख रामलालजी आदि मौजूद रहे।