फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोपवे में गड़बड़ी : अनियंत्रित होकर स्टेशन पर आ टकराईं 3 ट्राॅलियां, संचालन बंद, श्रद्धालुओं में मची चीख पुकार

विज्ञापन
रोपवे की ट्रालियां। स्रोत : इंटरनेट - फोटो : रोपवे की ट्रालियां। स्रोत : इंटरनेट
विज्ञापन
बरसाना (मथुरा)। राधा रानी मंदिर तक जाने के लिए बरसाना में संचालित रोपवे में मंगलवार दोपहर अचानक खराबी आ गई। नतीजा, श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर से लौट रहीं तीन ट्रॉलियां तेजी से नीचे गिरने लगीं और स्टेशन पर टकराने के बाद ही तीनों रुकीं। हालांकि श्रद्धालुओं को बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, पर घटना के बाद रोपवे का संचालन बंद कर दिया गया है।
विज्ञापन


बरसाना में ब्रह्मांचल पर्वत पर स्थित राधा रानी मंदिर तक जाने और आने के लिए रोपवे का संचालन किया जा रहा है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे के करीब अचानक रोपवे में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण मंदिर से दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को लेकर वापस लौट रहीं तीन ट्रॉलियां तेजी से नीचे गिरने लगीं।

ट्रॉलियां की रफ्तार अनियंत्रित हुई तो उनमें बैठे 18 श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। नीचे सड़क और सीढि़यों के रास्ते मंदिर जाने और लौटने वाले लोग भी ट्रॉलियों को तेजी से नीचे गिरता देख चिल्लाने लगे। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक तीनों ट्रॉलियां तेज गति से स्टेशन पर आकर टकराईं। स्टेशन पर टकराते ही ट्रॉलियां के केबिन के कांच टूट गए।
विज्ञापन


दौड़कर रोपवे के कर्मचारी उनके पास पहुंचे और सभी श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। हालांकि किसी भी श्रद्धालु को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद सभी श्रद्धालु बहुत सहमे हुए नजर आए। घटना के बाद तत्काल रोपवे का संचालन बंद कर दिया गया। अब जांच के बाद ही इसका संचालन शुरू हो सकेगा।



पॉवर कट के चलते फेल हुए थे सेंसर

रोपवे का संचालन करने वाली श्री राधारानी रोपवे मथुरा की कंपनी के प्रबंधक संजय सिंह ने बताया कि पॉवर कट के चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि अचानक बहुत अल्प समय के लिए पॉवर कट हुआ। इसके चलते रोपवे के सेंसर शुरू नहीं हो पाए और ट्रॉलियों की गति अनियंत्रित हो गई। ट्रॉलियां तेजी से नीचे आकर स्टेशन पर टकराईं। उन्होंने बताया कि घटना में तीन ट्रॉलियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन किसी श्रद्धालु को कोई चोट नहीं आई।

कोलकाता से जांच करने आएंगे अभियंता

हादसे के बाद रोपवे का संचालन बंद कर दिया गया है। प्रबंधक संजय सिंह ने बताया कि खराबी की जांच करने और उसे दुरुस्त करने के लिए कोलकाता से इंजीनियर्स की टीम बुलाई गई है। टीम बुधवार दोपहर बाद बरसाना पहुंचेगी।

सीएम ने इसी रोपवे में किया था सफर

सीएम योगी आदित्यनाथ रंगोत्सव का शुभारंभ करने 7 मार्च को बरसाना आए थे। राधारानी मंदिर में दर्शन और पूजन के बाद उन्होंने लड्डूमार होली का शुभारंभ किया था। वे इसी रोपेवे के माध्यम से राधारानी मंदिर पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण और जिले के अधिकारियों ने भी रोपवे में सफर किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें