मथुरा। शासन के आदेश के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज की बसें संचालित नहीं हो रही हैं। इसके कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छाता-बरसाना और मथुरा-गोकुल मार्ग पर रोडवेज बस का संचालन न होने के कारण यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
शासन की ग्रामीणों अंचलों तक रोडवेज की बसों के संचालन की मंशा अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। जिले के कई ग्रामीण मार्ग ऐसे हैं, जहां अभी भी रोडवेज की बसें नहीं पहुंच पाई हैं। इसके कारण यहां रहने वाले ग्रामीणों और विद्यार्थियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छाता से बरसाना और मथुरा से गोकुल के लिए रोडवेज की कोई बस नहीं है। इसके कारण छाता से बरसाना, मथुरा-गोकुल के लोगों को परेशानी हो रही है। विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा तब होती है जब उन्हें मथुरा में होने वाली किसी परीक्षा में शामिल होना होता है। ऐसे में उन्हें डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
स्टेशन के प्रबंधक संतोष अग्रवाल ने बताया कि सभी ग्रामीण मार्गों पर बसों के संचालन का प्रयास किया जा रहा है।