बलदेव। थाना बलदेव क्षेत्र में बलदेव-राया मार्ग पर शराब के ठेके के समीप शनिवार रात करीब आठ बजे सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे, जो अलीगढ़ से बिजनौर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और कार खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कार क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क हादसे में अजीम (32) पुत्र तस्मीन, निवासी रायपुर सादब, जनपद बिजनौर की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सीओ संजीव राय ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई होगी।