गोवर्धन रोड पर आई आंधी के बीच आते जाते वाहन।
मथुरा। मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही बादल छाए रहे फिर शाम को अचानक से तेज हवा चलने के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। वहीं मौसम विभाग ने 16 मई से फिर से लू चलने के आसार जताए हैं। हालांकि आज और कल मौसम साफ रहने की संभावना है। इधर, तेज हवा के चलते कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होगी।
बीते दो दिन में चिलचिलाती धूप रहने के मंगलवार शाम को को तेज हवाएं चलने लगीं। इससे लोगों को तेज धूप से राहत मिली। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, 16 मई से तेज गर्मी पड़ेगी। साथ ही लू चलेगी। इस दौरान दोपहर कर तापमान 46 डिग्री से पार होने की आशंका जताई जा रही है। इधर, विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद से मौसम बदला और तेज हवाएं चलने से कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही।
उन्होंने कहा कि शहर के कैंट, नवादा, कृष्णानगर क्षेत्र में बिजली तेज हवा और हल्की बारिश के चलते बाधित रही। हवा चलने से फाॅल्ट नहीं हो इसके लिए सप्लाई बंद भी की गई। इसके साथ ही 33 केवी लाइन की पेट्रोलिंग कराई गई और टीम ने सप्लाई को सामान्य किया। शहर के मसानी चौराहे से मिडलैंड कंपाउंड में एक ट्रांसफाॅर्मर में तकनीकी खराबी आ जाने से बिजली बंद रही। जिला अस्पताल परिसर में एक फेस चले जाने से सप्लाई कुछ देर प्रभावित रही। शहरी एक्सईएन आशीष गुप्ता ने बताया कि हवा से कुछ क्षेत्र फाल्ट हुए है जिससे आपूर्ति बाधित रही।