मथुरा। शादी का झांसा देकर कोलकाता की युवती से दुष्कर्म करने वाला एक अस्पताल का अवैतनिक चिकित्सक चार महीने बाद भी वृंदावन पुलिस की पकड़ से दूर है। हाल ही में कैंसर अस्पताल का शुभारंभ करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी पीड़ा बताने के लिए पीड़िता कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थी लेकिन पलिस ने उसे गिरफ्तार जेल भेज दिया। पीड़िता का कहना है कि अब वह इसकी शिकायत करने मुख्यमंत्री पास लखनऊ जाएगी।
पिछले 11 साल से वृंदावन में रह रही कोलकाता की युवती की नौ फरवरी 2018 में वृंदावन के परेश ने अवैतनिक चिकित्सक गुइल्लेरमा कास्तिलो से मुलाकात कराई। उसके बाद दोनों में प्यार हो गया। कमरा लेकर चिकित्सक और युवती एक साथ रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि 17 अगस्त 2018 को चिकित्सक ने मांग भर दी। 20 दिन बाद सात अक्तूबर को चिकित्सक बीजा अवधि समाप्त होने की कहकर चला गया। फिर लौटकर नहीं आया। पीड़िता ने आठ अगस्त 2019 को वृंदावन कोतवाली में दुष्कर्म, मारपीट और धोखाधड़ी की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
पीड़िता का आरोप है कि वृंदावन पुलिस आरोपी को पकड़ना तो दूर, बल्कि उसे 19 दिन के लिए जेल भेज चुकी है। अब वह शहर पहुंचे मुख्यमंत्री से पीड़ा बताने को पहुंची तो उसे पुलिस ने दुत्कार दिया। पीड़िता का कहना है कि वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मथुरा पुलिस के कारगुजारी की शिकायत करेगी। सीओ सदर रमेश तिवारी का कहना है कि पीड़िता मिलेगी तो उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा।