मथुरा। जापान में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा गेम्स में मथुरा के पैरा एथलीट राम रतन ने डिस्कस थ्रो में रजत पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन किया है। जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन उनके लौटने पर स्वागत और सम्मान में जुट गई है।
जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव कुसुम लता ने बताया कि राम रतन ने बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में 26 से 28 मई तक आयोजित आठवीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने डिस्कस थ्रो में 12.81 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एशियाई पैरा गेम्स के लिए किया गया था। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने उन्हें 18 से 24 अक्तूबर तक जापान के आइची प्रांत के नागोया में आयोजित प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल में शामिल किया था।
राम रतन की उपलब्धि पर यूपी पैरा एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल और पैरा पावरलिफ्टिंग इंडिया टीम के कोच एवं पावरलिफ्टिंग इंडिया के चेयरमैन जेपी सिंह ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत वापसी पर खिलाड़ियों का जोरदार सम्मान किया जाएगा।
जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सुनीता पाठक ने बताया कि राम रतन के मथुरा लौटने पर उनका स्वागत किया जाएगा। उनकी सफलता पर उपाध्यक्ष मुक्ता सिंह, वंदना अग्रवाल, नीना गर्ग, निशा बघेल, सह सचिव राधा रानी, मंजू दलाल, कोषाध्यक्ष मंजू बघेल, सीमा चौधरी और पूजा गर्ग, एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार बाजपेई, उपाध्यक्ष संजय पाठक और विजय सिंह वर्मा ने बधाई दी है।