कोसीकलां। रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज की मरम्मत कार्य के दौरान सोमवार सुबह हादसा हो गया। प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज पर रखने के लिए चैनकुप्पी की मदद से उठाया जा रहा पिलर रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (ओएचई) से टकरा गया। करंट के संपर्क में आए दो कर्मचारी झुलस गए, जबकि हादसे के दौरान बचने के लिए भागते समय एक अन्य कर्मचारी गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। घायलों को कोसीकलां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोसीकलां रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर बने एफओवी की मरम्मत का काम चल रहा है। निर्माण कार्य आगरा की निजी कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। ब्रिज पर सोमवार की सुबह पिलर डाला जा रहा था। चेन कुप्पी चला रहे ठेकेदार के कर्मचारी फतेहपुर निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद सैफ व रामपुर निवासी 25 वर्षीय औवेस खान करंट लगने से झुलस गए। वहीं तीसरा कर्मचारी बरेली निवासी अफसर भागते समय गिरकर चुटैल हो गया। सैफ और औवेस का अस्पताल में उपचार चल रहा है। संवाद