मथुरा। जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बढ़ते बिजली बिल और तकनीकी खामियों से परेशान लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लक्ष्मी नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर उतारकर सिर पर रखे और रैली निकालते हुए लक्ष्मी नगर सब स्टेशन पहुंच गईं। यहां नारेबाजी कर विरोध स्वरूप मीटर जमीन पर पटक कर तोड़ दिए। अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
लक्ष्मी नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के कारण हो रही परेशानी पर विरोध जताया। कई महिलाओं ने विरोध स्वरूप स्मार्ट मीटर सड़क पर फेंककर तोड़ दिए। रुक्मिणी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली के बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। भगवती ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद खराब मीटर नहीं बदले जा रहे हैं। धर्मवती ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली का बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। एडवांस भुगतान के बावजूद बिजली कटौती की जा रही है।
महिलाओं का कहना है कि सरकार स्मार्ट मीटर योजना को लागू कर रही है लेकिन लोगों की परेशानियों और आर्थिक स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। उन्होंने बिलों की जांच कराने, खराब स्मार्ट मीटरों को तत्काल बदलने का आश्वासन दिया। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
तेज हवा और बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था
मथुरा। शनिवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह बिजली के तार टूट गए और कई फीडरों में फाल्ट आ गया। इससे ग्रामीण अंचल के साथ-साथ शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
रात करीब 10 बजे के बाद शुरू हुई तेज हवा और बारिश के चलते कई इलाकों में 8 से 12 घंटे तक बिजली गुल रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग पूरी रात जागने को मजबूर रहे। घरों में लगे पंखे और कूलर बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। कई ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर अंधेरा छाया रहा और रविवार सुबह तक आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
कई जगह पेड़ों की डालियां तारों पर गिर गईं। इससे फाल्ट की स्थिति उत्पन्न हुई। निगम की टीमें रात में ही मौके पर पहुंच गईं लेकिन खराब मौसम के चलते कार्य में दिक्कतें आती रहीं। लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। वहीं मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि फाल्ट की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गईं। छोटे फाल्ट को तत्काल ठीक करके विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई। जहां पर विद्युत खंभे टूटे हैं वहां पर सुबह तक विद्युत आपूर्ति सुचारू हो गई है।
स्मार्ट मीटर से परेशान उपभोक्ता से संवाद करेगी सपा
मथुरा। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी स्मार्ट मीटर पर 5 मई की शाम 6 बजे औरंगाबाद स्थित विद्युत सब स्टेशन पर जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे।सपा बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिल आने की शिकायत बनी हुई है। जनसंवाद में उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए रणनीति बनाई जाएगी। संवाद