वृंदावन (मथुरा)। राजीव अकादमी में सर्वोदय चौमुहां महाविद्यालय के छात्रों के स्थान पर परीक्षा दे रहे 18 मुन्नाभाई पकड़ लिए। सभी छात्रों को पुलिस को सौंप दिया। अकादमी के रजिस्ट्रार द्वारा छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सर्वोदय महाविद्यालय चौमुहां में बीएससी एग्रीकल्चर की छात्रों की एग्रोनॉमी की पुन: परीक्षा थी। इस परीक्षा का केंद्र राजीव अकादमी में था। परीक्षा के दौरान जांच में राजीव अकादमी के सचल दल ने ऐसे करीब 40 छात्रों को पकड़ा जो कि संदिग्ध रूप से दूसरे छात्रों के स्थान पर बैठे थे। बाद मेें जांच की तो पाया इनमें से 18 छात्र ही ऐसे थे जो कि दूसरे छात्रों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे।
विद्यालय ने ऐसे सभी 18 छात्रों को वृंदावन पुलिस को सौंप दिया। राजीव अकादमी के रजिस्ट्रार द्वारा इन सभी छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजीव दुबे ने बताया कि पकड़े गए छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
पकड़े गए सभी दूसरे छात्रों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे
सोमवार को सर्वोदय विद्यालय के छात्र दूसरे छात्रों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पाए गए हैं। हम इन सभी छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं।
- प्रखर त्यागी, रजिस्ट्रार राजीव अकादमी