फोटोमथुरा। राजस्थान निवासी ओमवीर की गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पत्रकारवार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओमवीर के साले के सौतेले ससुर ने ही 50 हजार रुपये के लिए गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
16 जुलाई को पानीगांव रोड पर किसान पैलेस होटल के पीछे प्लॉट में राजस्थान के मैथना, कठूमर(अलवर) निवासी ओमवीर(23) पुत्र रामकरन गुर्जर का शव मिला था। सिर और गले पर निशान हत्या की तरफ इशारा कर रहे थे। पहचान छुपाने के लिए चेहरे को भी भी किसी वस्तु से कुचला गया था। इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि हत्यारोपी राहुल शर्मा पुत्र राकेश शर्मा निवासी दामोदर पुरा ट्रांसफार्मर वाली गली, सदर बाजार मथुरा है।
हत्यारोपी मृतक ओमवीर के साले कल्लू का सौतेला ससुर है। ओमवीर ने 50 हजार रुपये राहुल को दे रखे थे। बार-बार मांगने पर भी नहीं दे रहा था। रुपये मांगने पर दामोदरपुरा में ओमवीर और राहुल में मारपीट हो गई थी। उसके बाद राहुल अपने साथ ओमवीर को शराब पिलाने ले गया। यहां पर शराब पिलाकर गमछे से गला घोंटकर हत्या करके शव को प्लॉट में फेंक दिया।