तेज हवा के साथ पहले बरसात और फिर ओलों की मार ने किसानों की होश उड़ा दिए हैं। खेतों में बिखरी पड़ी धान की फसल पर पानी की मार न केवल गुणवत्ता को खराब कर देगी वरन उत्पादन भी प्रभावित होगा। इसके अलावा सरसों और आलू के लिए भी बरसात नुकसान दायक रहेगी। गोवर्धन, मांट, राया के गांवों में तो ओलावृष्टि ने हालात बदतर कर दिए।
बुधवार को मौसम ने करवट ली तो किसान के हलक सूख गए। दिन में आसमान पर बादल और हल्की बूंदाबंादी ने किसानों के माथे पर बल ला दिए। शाम होते-होते मेघ बरसने लगे तो किसानों की परेशानी बढ़ गई। गोवर्धन के कौंथरा गांव के अशोक चौधरी ने बताया कि काफी बड़े-बड़े ओले गिरे हैं। राधाकुंड, पाली डूंगरा में भी बारिश संग ओले गिरे।
सौंख, मंाट में तेज ओलों के साथ बरसात हुई। यहां चने से भी बड़े आकार के ओलों को देख किसान माथा पकड़ कर बैठ गए। इसके अलावा मांट, छाता, बलदेव, राया, रिफाइनरी नगर, फरह, गोवर्धन, अड़ींग, बुखरारी, शेरनगर, चौमुंहा, गुहारी चंदौरी में भी तेज बरसात ने किसानों के चेहरों को मायूस कर दिया।
तापमान चार डिग्री लुढ़का, सर्दी बढ़ी
बरसात और ओलावृष्टि के साथ दिन के तापमान में चार डिग्री और रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राया शोध केंद्र के प्रभारी डा. श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि बुधवार को दिन का तापमान 27 डिग्री और रात का तापमान 20 डिग्री नोट किया गया। जबकि एक दिन पहले दिन का तापमान 31 डिग्री और रात का 21 डिग्री सेल्सियस था। मौसम में आर्र्दता 70 प्रतिशत मापी गई है।
फसलों में नुकसान ने बढ़ाई चिंता
बरसात होने से धान की फसल चौपट हो गई। ख्ेातों में कटाई का काम चल रहा है। कुछ फसल खड़ी हैं। किसान राजवीर सिंह ने बताया जो फसल कट चुकी है वो पानी में भीग कर सड़ जाएगी। जो खड़ी है वो तेज हवा में जमीन पर लेट जाएगी। इन दोनों ही परिस्थितियों में गुणवत्ता और उत्पादन दोनों ही प्रभावित होगी। इसके अलावा सरसों, ज्वार की फसलें भी इस बरसात में बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
बिजली गिरने से किसान की मौत
मांट क्षेत्र में राधारानी मंदिर के निकट खेत से चारा लेकर आ रहे किसान की बिजली गिरने से मौके पर मौत हो गई। मांट के गांव जसोली निवासी करुआ (45) बुधवार दोपहर को खेत से चारा लेकर लौट रहे थे। तभी तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने से मौत की सूचना पर तहसीलदार मांट राजितराम यादव सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।