विकास पुस्तिका तैयार करने में लापरवाही बरतने के लिए सीडीओ मनीष कुमार वर्मा ने अपर अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई कर दी है। साथ ही बगैर सूचना के अवकाश पर रहने के लिए एक दिन का वेतन भी रोक दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जिले की विकास पुस्तिका तैयार करने की जिम्मेदारी जिला सूचनाधिकारी के साथ अपर अर्थ एंव संख्याधिकारी को दी थी। इसकी प्रगति रिपोर्ट जब सीडीओ ने जिला सूचनाधिकारी से प्राप्त की तो अवगत कराया गया कि इसमें अपर अर्थ एवं संख्याधिकारी का निरंतर असहयोग चल रहा है।
वह विभागों की विकास संबंधी सूचनाओं की जानकारी नहीं दे रहे हैं। कई विभागों की सूचनाएं उन्होंने अपने पास की दबा ली हैं। इस पर 23 अक्तूूबर को सीडीओ ने उन्हें तलब किया तो पता चला कि बगैर सूचना के ही अवकाश पर हैं। पुस्तिका तैयार करने की प्रगति पर शासन ने जिला प्रशासन से नाराजगी जाहिर की।
ऐसी स्थिति में शासकीय कार्य में असहयोग और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना पर सीडीओ मनीष कुमार वर्मा ने अपर अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी है। साथ ही जिला कोषाधिकारी को 23 अक्तूबर का वेतन बगैर अनुमति के जारी न करने के निर्देश दिए हैं।