मथुरा। नगला कोटा में धरना प्रदर्शन में बैठे किसान।
मथुरा। रेलवे द्वारा किसानों की भूमि अधिग्रहण कर रेलवे लाइन का विस्तार किया जा रहा है। इसमें नगला कोटा और मोरा गांव के किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने से वह 9 दिन से लगातार धरना दे रहे हैं।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी ने बताया कि किसानों ने रेलवे मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद धरनास्थल पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट व रेलवे अधिकारियों ने किसानों को समझाया। उन्होंने बताया कि रेलवे अधिकारी किसानों से कह गए कि जितना मुआवजा मिल रहा हैं वह ले लें। रेलवे अपनी लाइन का विस्तार तो करेगा। राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी ने कहा कि नगला कोटा में 40 से अधिक किसानों की भूमि रेलवे कार्य में जा रही है। इसके अलावा 20 से 30 मकान भी इसमें टूटेंगे।
उन्होंने कहा कि नगला कोटा मथुरा वृंदावन नगर निगम में आता है लेकिन सरकार किसानों को नगर निगम का मुआवजा क्यों नहीं दे रही। सोनू शर्मा, मानिक चंद, अनिल शर्मा, धीरज, ओमप्रकाश, नीरज, गोपीचंद्र शर्मा के अलावा 20 से अधिक किसान मौजूद रहे।