मथुरा। दिवाली पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। शनिवार रात 13 प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर मिठाई, खोया, घी, पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और 50 किलो मिठाई नष्ट कराई है।
कार्रवाई के दौरान राधे-राधे मिठाई वाले ट्रांसपोर्ट नगर से बेसन के लड्डू, लाला स्वीट्स सिविल लाइंस से बर्फी, राधारानी रसगुल्ला एवं नमकीन भंडार मसानी रोड से घी, रंगीन चाप और खोया तथा राधिका स्वीट्स सौंख रोड से केसर बर्फी, काजू बर्फी, घी और खोया के नमूने लिए गए। इसके अलावा बंसल स्वीट्स एंड मिल्क सेंटर औरंगाबाद से घी, बर्फी और बेसन लड्डू तथा कान्हा स्वीट्स टाउनशिप से बेसन लड्डू और मिल्क केक के नमूने लिए गए। वाई-के-वाई मिठाई वाला राधिका बाजार, श्रीराधिका स्वीट्स सौंख रोड, रॉयल भारती वृंदावन, श्रीराम स्वीट्स सुनरख रोड और हल्दीराम सौंख रोड से भी सोनपापड़ी, खोया, काजू, पिस्ता, केसर बर्फी, धनिया पाउडर, मिल्क केक, छेना मिठाई, चंद्रकला, रंगीन बर्फी, घी और पनीर के नमूने भरे हैं। वहीं, बृजवासी स्वीट्स की गौर केंद्र निर्माण इकाई से मिर्च पाउडर, पनीर, खोया और हीराकली रंगीन मिठाई के नमूने लेकर 10 किलो काजू नष्ट कराया और 13 किलो मिर्च पाउडर सीज किया। मधुरम स्वीट्स मंडी रामदास से रंगीन छेना टोस्ट और खोया के नमूने लिए और 10 किलो अरारोट, पांच किलो बेसन और 50 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय जतिन प्रसाद का कहना है कि नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।