कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी 90 मिनट तक जनता के बीच रहेंगे। इसमें पैदल यात्रा, रोड शो और जनसभा संबोधन शामिल है। राहुल गांधी 30 सितंबर की शाम को मथुरा पहुंच रहे हैं। एक अक्तूबर को वह कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जनता के बीच उतरेंगे। इस बीच उनका कार्यक्रम भी बदल गया है।
कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भले ही अभी तक अपने प्रत्याशी घोषित न किए हों, लेकिन प्रचार-प्रसार को लेकर वह सूबे में आक्रामक स्थिति में दिख रही है। सांसद राहुल गांधी कान्हा की नगरी में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए आ रहे हैं। बदले कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 30 सितंबर को यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट से उतरकर जनपद में प्रवेश करेंगे। राया कट और लक्ष्मीनगर में कांग्रेस समर्थक उनका स्वागत करेंगे। गोकुल बैराज होकर रिफाइनरी के गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। एक अक्तूबर को वह सुबह प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे। सुबह करीब दस बजे हाइवे होते हुए गोकुल रेस्टोरेंट पहुंचेंगे।
यहां उनका स्वागत होगा। फिर नेशनल चैंबर्स के पदाधिकारी उनका स्वागत मसानी चौराहा पर करेंगे। इसके बाद डीग गेट स्थित द्वारिका पेड़ा वाले, मंडी रामदास होते हुए राहुल गांधी द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचेगे। दर्शन करने के बाद वह पैदल ही होलीगेट तक आएंगे। होलीगेट पहुंचने के बाद रोड शो करते हुए कोतवाली रोड, दरेसी रोड, डीग गेट पहुंचेंगे। यहां अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद वह आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे। उप्र कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर ने स्थानीय होटल में उनके पूरे कार्यक्रम के बारे में अवगत कराया। बताया कि राहुल गांधी जनता के बीच लगभग 90 मिनट तक रहेंगे।