मथुरा। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी पर चले जाने के कारण अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 5 से 7 दिन तक आगे की तारीख दी जा रही है। अगर मरीज दी गई तारीख पर नहीं पहुंच पाता है तो उसे एक हफ्ते बाद की तारीख दे दी जाती है। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में अल्ट्रासांउड, एक्सरे व सीटी स्कैन की सुविधा दी जाती है।
अल्ट्रासाउंड के लिए रोजाना कम से कम 10 से 15 मरीज आते हैं लेकिन इसके लिए मरीजों को 5 से 7 दिन तक की एडवांस बुकिंग दी जाती है। फ्री अल्ट्रासाउंड सेवा की लंबी तारीख के चलते यहां आने वाले मरीजों को प्राइवेट सेंटर पर जाकर 700 से 800 रूपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मंगलवार तक 18 रोगी अल्ट्रासाउंड के लिए आ चुके थे।
एक्सरे रिपोर्ट एक दिन बाद
एक्सरे के लिए रोजाना करीब 20 से 25 लोग आते हैं। एक्सरे रिपोर्ट के लिए भी मरीजों को एक दिन का इंतजार करना पड़ता है।
अस्पताल में सिर्फ एक ही रेडियोलॉजिस्ट हैं। अस्पताल की ओपीडी व इमरजेंसी के मरीजों का अल्ट्रासांउड तो वह उसी दिन कर देते हैं लेकिन बाहर के लोगों के लिए अल्ट्रासाउंड की इमरजेंसी नहीं होती है। इसलिए उन्हें आगे की तारीख दी जाती है। एक पद रिक्त है। जिसके बारे में शासन को अवगत कराया गया है। - डॉ. आरएस मौर्या, सीएमएस, मथुरा जिला अस्पताल।