बलदेव। क्षेत्र में कंपोजिट शराब ठेकों को हटाने के लिए ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। गांव दघेंटा में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अब गांव भरतिया में सोमवार को ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कहा कि गांव में खुले शराब ठेके से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। उधर, ठेका संचालक की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर नौ लोगों को पकड़ा है।
हंगामे के दौरान ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने कहा कि ठेके के कारण आए दिन विवाद, झगड़े होते हैं। इससे असुरक्षा की स्थिति बन रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल ठेका हटाने की मांग की। उधर हंगामे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। गंभीरता को देखते हुए पुलिस महिलाओं समेत नौ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले आई।
सीओ श्वेता वर्मा और थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि ठेका संचालक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। नौ लोगों को गिरफ्तारी किया गया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। उधर, क्षेत्र के गांव दघेंटा में शराब ठेका हटाने के लिए धरना प्रदर्शन जारी है।