कोसीकलां। नगर पालिका परिषद की ओर से गृह और जल कर में की गई वृद्धि के विरोध में बुधवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने पालिका कार्यालय पहुंच कर विरोध जताया। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर एवं ईओ अखिलेश कुमार को ज्ञापन देकर बढ़ी दरों को वापस लेने की मांग की है।
व्यापारियों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा गृह व जल कर में वृद्धि कर आम नागरिक को परेशान किया जा रहा है। पालिका द्वारा जो नोटिस दिए जा रहे हैं उनमें नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 140 का अनुपालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। उपभोगकर्ता का विवरण भी नोटिस में सही से नहीं दिया जा रहा है।
नोटिस को एक अप्रैल 2024 से दर्शाया गया है। पूर्व में लगाए गए 15 फीसदी कर को बढ़ाकर 17.50 फीसदी कर दिया गया है। इसे तत्काल वापस लिया जाए। प्रतिनिधिमंडल में अंकित मालविया, मनीष कुमार, महेश अग्रवाल, पंकज विशंभरिया, गिरीश जैन, भीम सैन, सचिन, महेंद्र मंगला, छोटू जैन आदि शामिल रहे।