वृंदावन। छटीकरा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा फुटपाथ के निर्माण के दौरान पेड़ों के चारों को कंक्रीट से पक्का निर्माण करा दिया है। इससे पेड़ों को पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से वह सूख रहे हैं। गरीब एकता दल के बैनर तले लोगों ने हाथों में नारे लिखीं तख्तियां लेकर लोक निर्माण विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया। इससे पहले भी दल पेड़ों का बचाने के लिए वन विभाग से मांग कर चुका है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा छटीकरा मार्ग के दोनों ओर नाले और फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। मार्ग के दोनों ओर लगे पेड़ों के आसपास ठेकेदार द्वारा कंक्रीट डालकर पक्का निर्माण किया जा रहा है। पेड़ों के आसपास हवा और पानी के लिए कच्चा स्थान नहीं छोड़ा गया है। दल के अध्यक्ष विवेक महाजन ने पेड़ों के आसपास पक्के निर्माण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि क्रंक्रीट नहीं हटाई तो वह आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि एनजीटी के आदेश हैं कि किसी भी पेड़ के तने के चारों तरफ कम से कम एक मीटर का दायरा खुला छोड़ा जाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में दीपक गोयल, गोपाल शर्मा, रिचा शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, सौरभ यादव आदि शामिल रहे। लोक निर्माण विभाग के जेई हेमंत सैनी ने बताया कि पेड़ों के चारों ओर जो कंक्रीट ठेकेदार द्वारा डाली गई है, उसे हटाया जाएगा।